न रास आई हम को जवानी हमारी
कटे क्या बरस ज़िंदगानी हमारी
अदू की शब-ए-वस्ल सौ बार सदक़े
शब-ए-ग़म है कितनी सुहानी हमारी
दग़ा दे रहे हैं दम-ए-नज़्अ' तुम को
ये है वक़्त-ए-रुख़्सत निशानी हमारी
किए मैं ने शिकवे तो वो हँस के बोले
अदू पर भी है मेहरबानी हमारी
उन्हीं ने तो दीवाना हम को बनाया
वही अब करें पासबानी हमारी
ये साक़ी ने साग़र में क्या चीज़ दे दी
कि तौबा हुई पानी पानी हमारी
सताते हैं हम भी हसीनों को क्या क्या
सताती है हम को जवानी हमारी
लगी थी जो मय मुँह से भर तौबा क्यूँ की
हुई तल्ख़ क्या ज़िंदगानी हमारी
किया झूट वा'दा करें हम जो तुझ से
तिरे काम आए जवानी हमारी
बहुत बे-असर तुम उसे जानते थे
ज़बानों पर अब है कहानी हमारी
क़फ़स दस्त-ए-सय्याद में हम क़फ़स में
ये काम आई है ख़ुश-बयानी हमारी
'रियाज़' आप हम क़द्र-दाँ अपने निकले
किसी ने न की क़द्रदानी हमारी








