मेरे पहलू में हमेशा रही सूरत अच्छी

रियाज़ ख़ैराबादीरियाज़ ख़ैराबादी

1 min read · 12.4K reads

मेरे पहलू में हमेशा रही सूरत अच्छी

मैं भी अच्छा मिरी क़िस्मत भी निहायत अच्छी

आप की शक्ल भली आप की सूरत अच्छी

आप के तौर बुरे आप से नफ़रत अच्छी

हश्र के दिन हमें सूझी ये शरारत अच्छी

ले चले ख़ुल्द में हम देख के सूरत अच्छी

तुझ से कहता था कोई या तिरी तस्वीर से आज

आँखें अच्छी तिरी आँखों की मुरव्वत अच्छी

हम ने सौ बार शब-ए-वस्ल मिला कर देखा

ऐ फ़लक चाँद से वो चाँद से सूरत अच्छी

न बने काम तो किस काम की नाज़ुक शक्लें

नाज़ुक अच्छे न हसीनों की नज़ाकत अच्छी

उस से कोई नहीं अच्छा जो तुझे प्यार करे

मैं भी अच्छा तिरे सदक़े मिरी क़िस्मत अच्छी

तेरी मदफ़न से जो उठ्ठे वो बरी ऐ वाइज़

उन के ठोकर से जो उठ्ठे वो क़यामत अच्छी

जौर तेरे बहुत अच्छे सितम-ए-गर्दूं से

और उन से तिरी आँखों की नदामत अच्छी

मुँह में जब बात रुकी चूम लिया प्यार से मुँह

दम-ए-तक़रीर किसी शोख़ की लुक्नत अच्छी

देखते ही किसी काफ़िर को बिगड़ जाती है

मैं जो चाहूँ भी तो रहती नहीं निय्यत अच्छी

हुस्न-ए-सूरत की तरह हुस्न-ए-सुख़न है कम-याब

एक होती है हज़ारों में तबीअ'त अच्छी

तुझ से जलता है जो वो और जलाते हैं उसे

मिरे हक़ में मिरे दुश्मन की अदावत अच्छी

आते जाते नज़र आती है झलक चिलमन से

पर्दे पर्दे में निकल आई ये सूरत अच्छी

ख़ूगर-ए-ग़म के लिए कुछ भी नहीं ऐश का ख़्वाब

ऐसी राहत से हमेशा की मुसीबत अच्छी

दे के वो बोसा-ए-लब शौक़ से लें दिल मेरा

उज़्र क्या है जो मिले माल की क़ीमत अच्छी

सुन के अशआर मिरे सब यही कहते हैं 'रियाज़'

इस की क़िस्मत है बुरी और तबीअ'त अच्छी

रियाज़ ख़ैराबादी
About the poet

रियाज़ ख़ैराबादी

View profile & all 49 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like