लफ़्ज़-दर-लफ़्ज़ मआ'नी पे मआ'नी निकले
साथ अशआ'र के कुछ दर्द-ए-निहानी निकले
जो ज़बाँ तक पे न था उस पे अमल कर डाला
और वा'दे थे जो सब उन के ज़बानी निकले
मेरे आँसू नज़र आ सकते नहीं दुनिया को
ख़ून-ए-दिल बन के भी गर आँख का पानी निकले
दर्द यकजा थे मिरे दिल को किए थे रौशन
दर्द मेरे थे जो सब काह-कशानी निकले
ज़ोर-ए-गिर्या था वो दिल का कि नहीं रोक सकी
अश्क आँखों से मगर बहर-ए-रवानी निकले
मैं भी ख़ुशियों को चुनूँगी सभी लोगों की तरह
शाख़-ए-उम्मीद पे गर रात की रानी निकले
उम्र-भर की न सज़ा कोई किसी को दे यहाँ
मुंतज़िर बन के किसी की न जवानी निकले
ग़म तिरे ऐसे कि तुझ पे ही जचेंगे 'रेशम'
तू वो इंसाँ कि तिरा कोई न सानी निकले








