मेरे शहर में सामानों के बहुत से जंगल हैं
जहाँ तुम स्वागत रंगीन दरवाज़ा बना रही हो
दुकानों के सारे दरवाज़े तुम्हारे संसार के अंदर खुलते हैं
जहाँ मेरा सम्मान और मेरी उपेक्षा ख़रीदारी से तय होती है
सामानों के जंगल में सिखाया जाता है तुम्हें मुस्कुराना
तुम्हारी मुस्कुराहट में रखी होती है मुश्किलें
मजबूरियाँ और जीवन को जीते रहने की तमन्ना
घर और शोरूम के बीच ज़िंदगी की दुपहर बीतती है
तुम्हारी ज़िंदगी में हर सामान का बाज़ार से जुड़ा लिंक मौजूद है
एक ऐसा जंगल हो तुम्हारे चारों तरफ़ जिसमें फूल भी
सामानों की तरह अजीब से मिक्स रंगों में बदल रहे हैं
रोशनी के पेड़ों पर पत्तियाँ रुपयों की तरह हिलती रहती हैं
तने विशाल बिल्डिंगों में बदल कर प्रकृति से दूर हो गए
कौए रद्दी काग़ज़ों में बदल कर शहर से बाहर चले गए
हर पैकेट में अजीब-सी इबारत लिखी है
और मैं इस जंगल में ख़ुद को खोने से बचाना चाहता हूँ
सामानों के जंगल में दुनिया लोगों की तरह प्रिंट हो गई
ख़तरनाक है ख़रीदारी के लिए मुस्कुराकर आमंत्रित करना
सामानों से भरे शहर में क़ीमत के टैग गिने जा रहे हैं
शोरूम बंद होने से पहले
लैपटॉप की स्क्रीन पर ब्लिंक हो रहा है आज का हिसाब
जिसमें नक़ली और असली मुस्कुराहटों की गिनती का
कोई कॉलम नहीं बनाया गया है!








