मेहनतकश आदमी - प्रेमनन्दन

प्रेमनन्दनप्रेमनन्दन25 Sept 1980

4 min read · 12.3K reads

घबराता नहीं काम से
मेहनतकश आदमी,
वह घबराता है निठल्लेपन से।

बेरोज़गारी के दिनों को ख़ालीपन
कचोटता है उसको,
भरता है उदासी
रोज़ी-रोटी तलाश रही उसकी इच्छाओं में।

पेट की आग से ज्यादा तीव्र होती है
काम करने की भूख उसकी
क्योंकि भूख तो तभी मिटेगी
जब वह कमाएगा
नही तों क्या खाएगा।

सबसे ज़्यादा डरावने होते हैं
वे दिन
जब उसके पास
करने को कुछ नहीं होता।

रोज़ी-रोटी में सेंध मार रहीं मशीनें
सबसे बड़ी दुश्मन हैं उसकी
साहूकार, पुलिस और सरकार से
यहॉ तक कि भूख से भी
वह नहीं डरता उतना
जितना डरता है
मशीनों द्वारा अपना हक़ छीने जाने से ।

रोज़गार की तलाश में
वह शहर-शहर ठोकरे खाता है
हाड़तोड़ मेहनत करता है
पर मशीनों की मार से
अपनी रोज़ी-रोटी नहीं बचा पाता,
तब वह बहुत घबराता है ।
प्रेमनन्दन
About the poet

प्रेमनन्दन

View profile & all 16 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like