चलो कि अब हम गुनहगार ही सही... - प्रतिभा कटियार

प्रतिभा कटियारप्रतिभा कटियार

5 min read · 12.4K reads

सियासत के मायने हम क्या जानें
हम तो बस गेहूँ की बालियों
के पकने की ख़ुशबू को ही जानते हैं
दुनिया की सबसे प्यारी ख़ुशबू
के रूप में,

क्या पता कैसा होता है जंतर-मंतर
और कैसा होता है जनतंतर
देश दुनिया की सरहदों से
हमारा कोई वास्ता कैसे होता भला
हम तो घर की दहलीज़ों से ही
लिपटे हैं न जाने कब से

बस कि हमने पलकों को झुकाना
जरा कम किया
आँखों को सीधा किया,
शरमा के सिमट जाने की बजाए
डटकर खड़े होना सीखा

आँचल को सर से उतार कमर में कसा
कि चलने में सुविधा हो ज़रा
कहीं पाँवों की ज़ंजीर न बन जाए पायल
सो उससे पीछा छुड़ाया,

न कोई तहरीर थी हमारे पास
न तकरीर कोई
हमने तो ना कहना
सीखा ही नहीं था
बस कि हर बात पे हाँ कहने
से जरा उज़्र हो आया था
इसे भी गुनाह क़रार दिया
तुम्हारे कानून ने

चलो कि अब हम गुनहगार ही सही...
प्रतिभा कटियार
About the poet

प्रतिभा कटियार

View profile & all 27 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like