फ़िल्मों की तरह
ज़िंदगी में भी होता कोई इंटरवल
सुस्ताते कुछ देर
ज़िंदगी के सिनेमाहॉल से निकलकर बाहर
दालान में बैठते किसी अजनबी की मुस्कुराहट को जज़्ब करते हुए
निकल जाते कुछ देर को समंदर के किनारे
आती हुई लहरों को देखते
डूबते सूरज की तरफ़ जाते परिंदों को सलाम कहते
या कि उनके साथ परवाज़ करते
पहुँच जाते सरहदों के पार
न पासपोर्ट, न वीज़ा की होती दरकार
न सियासत रोकती लाहौर की गलियों में घूमने से
लेनिन की शीशे की क़ब्र के सामने बैठे रहते
लाल चौक पर गाते प्रेम-गीत
किसी शिकारे में किसी पंडत से सुनते क़व्वाली
कोई नमाज़ी लौटकर आता मस्जिद से और रामलीला में निभाता लक्ष्मण का किरदार
मैं नास्तिक ही रहता
और चूम लेता किसी नमाज़ी का माथा
किसी पुजारी के हाथ चूमता और खेलता कोई खेल नींद आने तक।








