काश हिन्दू न मुसलमाँ होता

नलनी विभा नाज़लीनलनी विभा नाज़ली5 Dec 1954

1 min read · 12.4K reads

काश हिन्दू न मुसलमाँ होता

सिर्फ़ इक प्यारा सा इंसाँ होता

अम्न के फूल महकते हर-सू

हर नगर एक गुलिस्ताँ होता

धर्म के नाम पे होते न फ़साद

फ़ित्ना-ओ-शर का न तूफ़ाँ होता

ज़िंदगी बनती न वीरान खंडर

ख़ून इंसाँ का न अर्ज़ां होता

शहर की रूह न होती घायल

इतना खूँ-ख़्वार न इंसाँ होता

इस तरह बनता न हैवान बशर

अम्न मज़हब पे न क़ुर्बां होता

ज़ीस्त रह जाती न मक़्तल बन कर

प्यार का बाग़ न वीराँ होता

ज़िंदगी सब्र-ओ-सुकूँ से कटती

कोई बे-घर न परेशाँ होता

दौर तख़रीब का है 'नाज़ली' काश

कोई ता'मीर का सामाँ होता

नलनी विभा नाज़ली
About the poet

नलनी विभा नाज़ली

उपनाम : 'नाज़ली' मूल नाम : डॉ. नलनी विभा जन्म : 05 Dec 1954 | पंजाब

View profile & all 8 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like