तुम्हें लगती है दुनिया अजनबी क्या

नलनी विभा नाज़लीनलनी विभा नाज़ली5 Dec 1954

1 min read · 12.4K reads

तुम्हें लगती है दुनिया अजनबी क्या

तबीअत हो गई है फ़लसफ़ी क्या

हवस तो है अज़ल से हाथ ख़ाली

बुझी भी है किसी की तिश्नगी क्या

ज़रा सी बेवफ़ाई पर हम उस की

भला तोड़ें मरासिम बाहमी क्या

कहीं तकरार हद से बढ़ न जाए

करें इस बहस को अब मुल्तवी क्या

वो आक़िल है समझ लेगा इशारा

करें नादिम उसे है लाज़मी क्या

बुज़ुर्गों की नसीहत नस्ल-ए-नौ को

कहो तो आज लगती है भली क्या

उन्हीं के दम से थे घर में उजाले

बग़ैर उन के हो घर में रौशनी क्या

समझ पाई मैं रहबर के करम से

सुख़न क्या है उसूल-ए-शाइरी क्या

वली हैं 'नाज़ली' वो मेरे मुर्शिद

मुक़ाबिल उन के मेरी बात ही क्या

नलनी विभा नाज़ली
About the poet

नलनी विभा नाज़ली

उपनाम : 'नाज़ली' मूल नाम : डॉ. नलनी विभा जन्म : 05 Dec 1954 | पंजाब

View profile & all 8 Poems / Stories