हार के ख़ुद ही बिखर जाऊँ क्या
वक़्त दुश्मन है तो डर जाऊँ क्या
क्या करूँ फ़ैसला मंजधार में हूँ
डूब जाऊँ कि उभर जाऊँ क्या
ख़ौफ़ जाने नहीं देता उस पार
हाए इस पार ही मर जाऊँ क्या
नक़्श-ए-पा कोई नहीं जिस जानिब
बीच लहरों के उतर जाऊँ क्या
भूल कर मातम-ए-तक़दीर मैं अब
कर के दुनिया से मफ़र जाऊँ क्या
'नाज़ली' काँटों भरी राहों पर
कर के फिर क़स्द-ए-सफ़र जाऊँ क्या








