इक चराग़ाँ रात भर पानी पे है
रौशनी का इक नगर पानी पे है
अक्स ढलती शब के रंग-ओ-नूर का
जाज़िब-ए-क़ल्ब-ओ-नज़र पानी पे है
छेड़ती है रागनी पतवार क्या
एक नग़्मा सर-बसर पानी पे है
चाँद की अटखेलियाँ लहरों के साथ
खेल जारी रात भर पानी पे है
कश्तियाँ उन की सुनामी ले गई
जिन ग़रीबों का बसर पानी पे है
एक मुट्ठी ख़ाक अंजाम-ए-हयात
अस्थियों का फिर सफ़र पानी पे है
क्या ख़बर कब डूब जाए ज़िंदगी
हम हबाबों का सफ़र पानी पे है
क्या ख़बर कब मौज-ए-तूफ़ाँ दे उछाल
'नाज़ली' तेरा भी घर पानी पे है








