अब्र की ओट से छलका है उधर धूप का रंग
है सुकूँ-बख़्श बहुत वक़्त-ए-सहर धूप का रंग
वादियाँ झीलें हों पर्बत हों कि हों दश्त-ओ-दमन
कितने लगते हैं हसीं चमके अगर धूप का रंग
अंजुमन शब की उठी नूर-ए-सहर आते ही
ओढ़ने लग गए गुलशन में शजर धूप का रंग
शब की तारीकी में सोए थे जो थक कर ताइर
ताज़ा-दम हो गए जब आया नज़र धूप का रंग
वक़्त ज़िंदाँ के अँधेरों में गुज़ारा जिस ने
उस के हुजरे में करे काश गुज़र धूप का रंग
'नाज़ली' पहन लिया धरती ने ज़र-दोज़ लिबास
जब उफ़ुक़ से हुआ फ़िरदौस-ए-नज़र धूप का रंग








