ख़्वाब-ए-ख़ुश कहने ही को अपना था अपना कुछ न था

नज्म आफ़न्दीनज्म आफ़न्दी

1 min read · 12.4K reads

ख़्वाब-ए-ख़ुश कहने ही को अपना था अपना कुछ न था

हर्फ़-ए-आज़ादी सुना था हम ने समझा कुछ न था

कौन कहता है कि दुनिया में हमारा कुछ न था

जब तक अपने फ़र्ज़ का एहसास था क्या कुछ न था

हाथ ख़ाली अपनी मंज़िल से चला सू-ए-अदम

ऐ मुसाफ़िर कुछ तिरे क़ब्ज़े में था या कुछ न था

बात कहने की नहीं लेकिन हक़ीक़त है यही

मेरी हस्ती से जो सब कुछ है वो तन्हा कुछ न था

उन की इक करवट पे हो जाती है दुनिया मुज़्तरिब

मैं तड़पता था मगर मेरा तड़पना कुछ न था

पुर-सुकूँ थी मेरे दिल की तरह मस्जिद की फ़ज़ा

कितने फ़ित्ने आज उठे हैं कल ये झगड़ा कुछ न था

दामन-ए-दौलत था जब तक दामन-ए-अग़्यार में

आप भी थे हम भी थे ये मेरा तेरा कुछ न था

रहम के क़ाबिल है उस का आलम-ए-बेचारगी

कह दिया जिस ने बहुत कुछ और सोचा कुछ न था

हम को किस किस ने न सिखलाए तरीक़े सब्र के

अपने ऊपर वक़्त जब आया तरीक़ा कुछ न था

ए'तिराफ़-ए-मासियत थी मय-कशी के साथ साथ

मय-कदे में नाज़-ए-तस्बीह-ओ-मुसल्ला कुछ न था

सौ इरादे थे अमल के हौसले को क्या करें

अब तो कहने के लिए उन का इरादा कुछ न था

फ़ितरत-ए-इंसाँ पे जब तक इश्क़ था परतव-फ़गन

जौहर-ए-इंसानियत को 'नज्म' ख़तरा कुछ न था

नज्म आफ़न्दी
About the poet

नज्म आफ़न्दी

उपनाम : 'नज्म आफ़न्दी' मूल नाम : मिर्ज़ा तजम्मुल हुसैन जन्म : आगरा, उत्तर प्रदेश निधन : 21 Dec 1975 | कराची, सिंध नज्मआफ़न्दी, मिर्ज़ा तजम्मुल हुसैन (1893-1976) प्रतिष्ठित लोकप्रिय शाइर जो राष्ट्रीय भावना से प्रेरित थे। फ़रसी, उर्दू, हिंदी और अंग्रेज़ी जानते थ…

View profile & all 16 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like