वो मैं नहीं कि छुपाए फिरूँ कनार में दिल
जो लेने वाला मिले फेंक दूँ हज़ार में दिल
गहे सरिश्क में है गाहे इंतिज़ार में है
बहुत दिनों से है आँखों के इख़्तियार में दिल
न ख़ौफ़-ए-ग़म है कि आता नहीं कनार में दिल
मचल गया मिरा आग़ोश-ए-ग़म-गुसार में दिल
हज़ार अर्सा-ए-महशर हो सैर के क़ाबिल
उठेगा कौन अगर लग गया मज़ार में दिल
बुरा हो सोज़-ए-दरूँ का बदल गई सूरत
उड़ी वो ख़ाक-ए-जिगर अट गया ग़ुबार में दिल
तुम्हीं बताओ कि क़ाबू है क्या तबीअ'त पर
तुम्हीं कहो कहीं होते हैं इख़्तियार में दिल
उठा क़दम को ज़रा तिफ़्ल-ए-अश्क आहिस्ता
कि मिस्ल शीशा-ए-बशकस्ता है कनार में दिल
उठेगा हश्र लगाएगा कोई तो ठोकर
कि राह देखते हैं रख के रहगुज़ार में दिल
वही है नाला-ए-पुर-दर्द ना-तवानी में
ये नग़्मा तार में है या है जिस्म-ए-ज़ार में दिल
तुम्हारे तीर की हसरत को भी जगह मिल जाए
जो एक और भी निकले दिल-ए-फ़िगार में दिल
ये किस का आबला-पा सू-ए-दश्त आता है
पिरोया क़ैस का लैला ने ख़ार ख़ार में दिल
तुम्हीं ने ख़ाक-ए-कुदूरत भरी है पहलू में
तुम्हीं ने देखा था आईना सा कनार में दिल
मिरे ही नालों ने रख़्ने किए हैं पत्थर में
मिरा ही गर्म-ए-फ़ुग़ाँ है हर इक शरार में दिल
बजाए अश्क-ए-नदामत उमीद-ए-रहमत पर
निकल के आया है चश्म-ए-गुनाहगार में दिल
कहाँ दिखाइए 'शो'ला' हुजूम-ए-हसरत में
कहाँ बताइए ग़म-हा-ए-बे-शुमार में दिल








