कौन है तुझ से जो दो-चार नहीं
एक मैं ही गुनाहगार नहीं
हाए फ़सल-ए-बहार-ए-जोश-ए-जुनूँ
याँ गरेबाँ में एक तार नहीं
सैकड़ों दर्द इक नहीं दरमाँ
लाख ग़म कोई ग़म-गुसार नहीं
हम नहीं वो जो एक भी मानें
आप करते रहें हज़ार नहीं
सब सही गुल भी मय भी मुतरिब भी
तू नहीं है तो कुछ बहार नहीं
वस्ल क्या जब न हिज्र के हों मज़े
वा'दा क्या जिस का इंतिज़ार नहीं
ग़ैर से मिल के क्यों निकालते हो
मैं कुदूरत का कुछ ग़ुबार नहीं
हाथ आ जाए आप का दामन
हश्र का भी कुछ इंतिज़ार नहीं
क्या सबात-ए-दो-रोज़ा पर मेरे
ज़िंदगी का कुछ ए'तिबार नहीं
सैकड़ों बार ग़ैर से बिगड़ी
मैं तो मैं तुम किसी के यार नहीं
उस के कुश्तों का क्या पता 'शो'ला'
कहीं तुर्बत नहीं मज़ार नहीं








