कुछ इश्क़-ए-बुताँ कुछ फ़िक्र-ए-जहाँ दिल यास का मारा क्या कहिए
कश्ती को तलातुम का ख़तरा और दूर किनारा क्या कहिए
अपनों के हमेशा जौर-ओ-सितम ग़ैरों का सहारा क्या कहिए
किस तौर किया है दुनिया में दो रोज़ गुज़ारा क्या कहिए
भटका हुआ आँसू पलकों की चिलमन में लरज़ता है ऐसे
जैसे कि घटा के आँचल में उलझा हुआ तारा क्या कहिए
ख़ुद बैठे बिठाए रोता है ख़ुद बैठे बिठाए हँसता है
दिल आस का मारा क्या कहिए दिल यास का मारा क्या कहिए
सज्दों में मोहब्बत के 'ज़र्रीं' जब जोश-ए-इबादत होता है
तब जा के किसी को तूफ़ाँ में मिलता है किनारा क्या कहिए








