हम न पिघलने वाले हैं - कमलेश द्विवेदी

कमलेश द्विवेदीकमलेश द्विवेदी25 Sept 1960 – 17 Sept 2021

4 min read · 12.4K reads

उनके भाषण आग उगलने वाले हैं.
फिर बस्ती के कुछ घर जलने वाले है.

जबसे पड़े वे ज्योतिषियों के चक्कर में,
कहते है हालात बदलने वाले है.

जो हिंसा से लड़ने बैठे अनशन पर,
उन पर लाठी-डंडे चलने वाले है.

ध्यान लगाकर सुनता उड़ने की बातें,
लगता उसके पंख निकलने वाले हैं.

आज पिता ने इतना पीटा बच्चों को,
सहमे बच्चे अब न मचलने वाले हैं.

यों तो कितने जलने वाले दुनिया में,
दीपक जैसे कितने जलने वाले हैं.

उन पर क्यों विश्वास करेगा कोई भी,
हर मौके पर बात बदलने वाले हैं.

आप बड़े हैं जो कहते हैं ठीक है पर,
साबुत मक्खी हम न निगलने वाले हैं.

मोम न समझो हमको हम तो पत्थर हैं,
लाख तपाओ हम न पिघलने वाले हैं.
कमलेश द्विवेदी
About the poet

कमलेश द्विवेदी

View profile & all 176 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like