शवासन

हरि मृदुलहरि मृदुल

1 min read · 12.4K reads

मैं एक हवाई दुर्घटना के बारे में

सोचने लगा

कोई ख़तरा नहीं

इस लायक़ ही नहीं कि कभी जहाज़ का टिकट ले सकूँ

अपहरण की वारदात थी सुर्ख़ियों में

पहले अपने को ताका

फिर हँसा मैं

कौन उठा ले जाएगा इस फ़टीचर को

समाचार था मोटापे के बारे में

कि हार्ट अटैक की सबसे अधिक संभावना

पहली बार मुदित हुआ

अपने तिनके शरीर पर

इनकम टैक्स विभाग के छापे की बात

अपने तईं सोच

जैसे क़हक़हों का दौरा ही पड़ गया

मुझे

पहली बार मैंने अपने आपको

एक विशाल परकोटे वाले मज़बूत क़िले के भीतर

परम सुरक्षित पाया

कि बलवाइयों की भीड़

न जाने कहाँ से सामने आ गई

और मैं देखते ही देखते दंगे की

भेंट चढ़ गया

हरि मृदुल
About the poet

हरि मृदुल

View profile & all 50 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like