दुनिया की सबसे सुरीली आवाज़
जो तुम्हें सुनाई दे रही है
उस औरत की है
जो चट्टान के ठीक बग़ल में
एक हाथ और एक पैर पर खड़ी
हरी घास को हँसिए से काट रही है
बड़े ही जतन से
इस समय वह गा नहीं रही है
सिर्फ़ गुनगुना रही है
हाँ, घंटे भर बाद घास का गठ्ठर चट्टान पर रख
जब वह गाएगी
न्यौली1—
‘काटते-काटते उग आता है चौमास का वन
बहता पानी थम जाता है नहीं थमता मन’
सारा जंगल उदासी से भर जाएगा
दुनिया की सबसे सुरीली आवाज़
आँसुओं में ढल जाएगी।








