हमारे छोटे से घर में मकड़ी ने
एक बड़ा-सा घर बना दिया
चूँकि बेटे ने ‘स्पाइडर मैन’ फ़िल्म देखी थी
इसलिए उसे मकड़ी के इस एक रात के कारनामे पर
बड़ी ख़ुशी हुई
सफ़ेद धागों की बारीक बुनावट के सहारे
हवा में झूल जाना और
ज़मीन को भूल जाना
वह कौतूहल से घिरा रहा
जब तक कि बीवी ने झाड़ू का एक तेज़ हाथ
नहीं घुमा दिया
घर टूटने पर जितना मकड़ी रोई होगी
उससे ज़्यादा बेटा रोया








