दिन होगा

हरे प्रकाश उपाध्यायहरे प्रकाश उपाध्याय

1 min read · 12.4K reads

दिन होगा तो

औरतें चौखट लाँघ

चली जाएँगी नदी तक

और अँचरा में बाँधकर लाएँगी

पानी की धार

रात चाहे जितनी हो गहरी

औरतें बड़ी बेकली से कर रही हैं

दिन का इंतज़ार

दिन होगा

तो करेंगी वे दुनिया की

नए तरीक़े से झाड़-बुहार

रात की धूल और ओस

झटक आएँगी बस्ती के बाहर

औरतें ठीक-ठीक नहीं जानतीं

दिन कैसे होगा

कैसे बीतेगी यह रात

वे महज़ इतना जानती हैं

कि पूरब में जब खिलेगा लाल फूल

और सन्नाटा टूटेगा

मुर्ग़ा बोलेगा तो बिहान होगा

कहते हैं वैज्ञानिक

जब यह धरती

घूम जाएगी थोड़ी-सी अक्ष पर

तो दिन होगा

कुछ होगा तो दिन होगा

रात से ऊबे हुए बच्चे

पाँव चला रहे हैं

और इसे लगकर धरती हिल रही है

लगता है

अब दिन होगा!

हरे प्रकाश उपाध्याय
About the poet

हरे प्रकाश उपाध्याय

View profile & all 50 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like