अँजुरी भर शब्द

हरे प्रकाश उपाध्यायहरे प्रकाश उपाध्याय

1 min read · 12.4K reads

मेरे पास कुछ नहीं है

अँजुरी भर शब्दों के अलावा कुछ भी नहीं

धन न अस्त्र-शस्त्र पर लडूँगा

यक़ीन रखना जीतूँगा भी

वे जब करेंगे वार

अपने अस्त्र-शस्त्र से

धन से

मैं अँजुरी भर शब्दों को फेंकूँगा उनकी ओर

उनकी बौखलाहट बढ़ेगी

और देखते ही देखते उजड़ जाएगी

धन और अस्त्र-शस्त्रों से सजी दुनिया

और मेरे शब्द लौट आएँगे

उन्हें घायल करने के बाद

नहीं रहूँगा चुपचाप

उनके आतंक से डरे लोगों को बटोरूँगा

शब्दों से सिहरन पैदा करूँगा और ताक़त

बटोरता रहूँगा शब्द

अच्छे-अच्छे शब्द बटोरूँगा

तब ढेर सारे अच्छे शब्द

बन जाएँगे सृष्टि के मंत्र।

हरे प्रकाश उपाध्याय
About the poet

हरे प्रकाश उपाध्याय

View profile & all 50 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like