अश्क को आँख की दहलीज़ पे लाया न करो

हाजरा नूर ज़रयाबहाजरा नूर ज़रयाब

1 min read · 12.4K reads

अश्क को आँख की दहलीज़ पे लाया न करो

दिल के हालात ज़माने को बताया न करो

अपनी आँखों में हसीं ख़्वाब सजाया न करो

प्यार का ताज-महल दिल को बनाया न करो

ख़ुश्बू-ए-इश्क़ भी है इत्र की ख़ुश्बू जैसी

सख़्त दुश्वार है ऐ यार छुपाया न करो

ख़ुद ही साँपों को बुला लेते हो अपने घर में

पेड़ चंदन के तुम आँगन में लगाया न करो

रब तो है शाफ़ी-ए-मुतलक़ है शिफ़ा-बख़्श वही

सर दर-ए-ग़ैर पे तुम अपना झुकाया न करो

ख़्वाब के जितने घरौंदे हैं बिखर जाएँगे

अपनी पलकों पे कई ख़्वाब सजाया न करो

संग-दिल जो भी हैं उन को न बसाओ दिल में

शीश-महलों में कभी संग लगाया न करो

बूँदा-बाँदी भी मुक़द्दर में नहीं है 'ज़रयाब'

अपने आँगन में नए पेड़ लगाया न करो

हाजरा नूर ज़रयाब
About the poet

हाजरा नूर ज़रयाब

View profile & all 18 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like