घायल है तेरी शहज़ादी शहज़ादे
तू ने जो हर बात भुला दी शहज़ादे
हर जानिब हो एक मुनादी शहज़ादे
तेरी हो गई ये शहज़ादी शहज़ादे
हँसते हँसते रोती हूँ फिर हँसती हूँ
इश्क़ ने कैसी मुझ को सज़ा दी शहज़ादे
आज भी अर्श को देखा तेरा नाम लिया
आज भी मैं ने तुझ को दुआ दी शहज़ादे
शाम ढले तो दर्द भी अपनी आमद की
कर देता है रोज़ मुनादी शहज़ादे
हम ने तो बस प्यार किया था पाप नहीं
लोगों ने तो बात बढ़ा दी शहज़ादे
तुझ को चाहा तो फिर टूट के चाहा है
शो'लों को भी ख़ूब हवा दी शहज़ादे
क़ब्र पे रोते रहने से सुख पाओगे
तुम ने कितनी देर लगा दी शहज़ादे
बोलो आख़िर दिल पर क्या कुछ बीतेगी
तुम ने जो हर याद मिटा दी शहज़ादे
जितनी उम्र है बाक़ी वो भी तेरे नाम
जितनी थी वो तुझ पे लुटा दी शहज़ादे
आज 'रबाब' के लब पर चीख़ी ख़ामोशी
ख़ामोशी ने तुझ को सदा दी शहज़ादे








