चाँद

ध्यान सिंहध्यान सिंह

1 min read · 12.4K reads

घुप्प अँधेरे में चाँद निकला

तो मैंने किसी को पूछा

चाँद देखा है?

कितना सुंदर

देखो ऊपर,

उसने कहा

मक्की की रोटी जैसा है

मुझे भान हुआ कि वह भूखा है

उसे घर ले जाकर

मैंने झटपट एक रोटी खिलाई

फिर पूछा; चाँद कैसा है?

उसने कहा

आग के गोले जैसा है

उसे ठंडा पानी पिलाकर

मैंने फिर पूछा: चाँद कैसा है?

उसने कहा

एक सपने जैसा है।

मैंने उसे बिस्तर दिया...

और कामना की:

'उसे रोटी और आग मिले।'

ध्यान सिंह
About the poet

ध्यान सिंह

डोगरी के वरिष्ठ कवि-लेखक। साहित्य अकादेमी पुरस्कार से सम्मानित।

View profile & all 11 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like