एक पक्षी बोले स्याह अँधेरे में
लौ कब होगी
बार-बार पूछे
लौ कब होगी
लौ होगी तो दाना मिलेगा
एक पशु बोले स्याह अँधेरे में
लौ कब होगी
बार-बार पूछे
लौ कब होगी
लौ होगी तो घास मिलेगा
एक पेड़ बोले स्याह अँधेरे में
लौ कब होगी
बार-बार पूछे
लौ कब होगी
लौ होगी तो साँस मिलेगी
एक आदमी बोले स्याह अँधेरे में
लौ कब होगी
बार-बार पूछे
लौ कब होगी
लौ होगी तो रास्ता मिलेगा :
यह ‘होने’ और ‘मिलने’ की बात है
यह बात बड़ी निराली है
अति ज़रूरी
बड़ी प्यारी—
यह होगी तो कुछ 'मिलेगा'
कुछ मिलेगा तो यह 'होगी'।








