शरण में जाने का अर्थ इतना सीमित
चरणों में लोटना और पूजना
चमत्कारी करतब बताना, दिखाना, मानना
शरण का अर्थ इतना अराजक
इतना कि
जो शरण में न आए उसे मार डालना
विश्व विजेता की झोंक में
बुद्ध के मार्ग को तिलांजलि दे देना
स्वयं बुद्ध होते तो आश्चर्य में होते
जिन अंधविश्वासों और पाखंड के विरुद्ध
जिस हिंसा और छद्म के ख़िलाफ़
जिन दुखों से मुक्ति की खोज में
सत्य का संधान किया
जिन मूल्यों को स्थापित किया
वे सब ध्वस्त हो रहे हैं
बुद्ध जीवित होते
तो उन्हें बताया जाता
महाराज!
आपके बताए मार्ग पर चलने के बजाय
आपके अनुयायी आपके नाम पर
विशेष पूजा-पद्धति धारण कर चुके हैं
वैवाहिक समारोहों में
तमाम ढोंग-ढकोसले करते हैं
अनेक अराजक नियमों का बाड़ा बना चुके हैं
आपको अवतारी पुरुष बनाने के लिए
बड़ी-बड़ी मूर्तियाँ गढ़ने का आदेश हुआ है
इस हेतु राजाज्ञा जारी हुई है
एक भव्य मंदिर का प्रस्ताव पारित हुआ है
राजा ऐलानिया बुद्ध-मार्गी हो चुका है
लेकिन बुद्ध मार्गी तौर-तरीक़े से राजतंत्र
उसे स्वीकार नहीं!!








