नदियाँ गिरती हैं
तो भूगोल का विषय बनती हैं
नदियाँ मिलती हैं
तो समाजशास्त्र का विषय बनती हैं
नदियाँ जुड़ती हैं
तो तर्कशास्त्र का विषय बनती हैं
नदियाँ बहती हैं
तो दर्शनशास्त्र का विषय बनती हैं
नदियाँ घटती हैं
तो गणित का विषय बनती हैं
नदियाँ धारा बदलती हैं
तो इतिहास का विषय बनती हैं
नदियाँ लहराती हैं
तो हिंदी का विषय बनती हैं
नदियाँ फूटती हैं
तो स्त्री-विमर्श का विषय बनती हैं
पर नदियाँ मरती हैं
तो 'शर्म' का विषय बनती हैं।








