मेरे हृदय की रक्त कमल कली को तोड़ते
तेरे बढ़े हुए हाथ पर
अंकित हुआ मेरा चुम्बन
तेरी उँगलियों के दोने में विश्राम करते हुए
शायद भ्रमित हो उठा मेरा
रक्त से लथपथ अंतस्,
जब भी तू तोड़ता
वेदना उफनती है मेरे हृदय में
फिर भी
तेरे स्पर्श से रक्त बिंदु
निवृत्ति अनुभूत कर
पूजा के लिए अर्पित होते हैं तुझे।








