सभी पक्षियों से तो मेरा परिचय नहीं है
लेकिन
मेरे घर के आँगन में
चम्पा की टहनी पर बैठ
पंखों को चोंच से सँवार
एक पंख टपका उड़ जाते
इस पक्षी से मेरा परिचय ज़रूर है।
जब मैं इसे ‘हुप्प, हुप्प’ करके पुकारता हूँ तो
इस नज़र से देखता है, ‘तू कितना अज्ञानी है’
‘तू कितना ज्ञानी है’ मेरी नज़रें कहती हैं।
फिर पंख खोल—बंद कर
पूँछ तान कर उठाते हुए
एक टहनी से दूसरी टहनी पर फुदकते हुए
वह उड़ जाता है।
यही पक्षी है।








