मुझे याद नहीं
किस दिशा में थीं तुम खड़ी
कौन-सी पहनी थी घड़ी
पर मुझे हमारे दो हाथों का
योगफल याद है
कितनी थी धूप
कितनी उमस
सूर्य निकला भी था या नहीं
मुझे कुछ भी याद नहीं
किंतु मेरी रागिनी!
मुझे तुम्हारे नाम का यह पर्यायवाची याद है
छुअन याद है
महक याद है
यदि कहूँ कि कंठस्थ है
तुम्हारी उँगलियों का दुबलापन
दो हथेलियों का वज़न
तो क्या तुम्हें यक़ीन होगा?








