दस के पाँच नोट

अतुल तिवारीअतुल तिवारी

1 min read · 12.4K reads

पहला नोट बिल्कुल ताज़ा है

किसी बच्चे ने शायद

इसे गुल्लक में रखा था

पहली तारीख़ को

पिता की तनख़्वाह मिलते ही।

आज उसने अपनी

गुल्लक फोड़ दी

और इस नोट का सौंधापन भी

समाप्त हो गया।

दूसरा नोट गलने को है

इसमें गांधी की आँखें

ओझल है

हो न हो यह किसी मज़दूर का नोट है!

इसमें गंध है

प्याज़, रोटी और नमक की।

मुट्ठी का भींचा नोट, कह रहा

इसे जबरन लिया होगा

थानेदार ने।

तीसरा नोट अधफटा है

आटे की बारीक लेई से—

चिपकाया हुआ-सा

यह किसी माँ का नोट है

मुमकिन है आख़िरी भी

जो दब कर फट गया हो

आँचल की गाँठ में—

या खींचातानी से।

इसकी सिलवटों में छिपे हैं

धैर्य के अवशेष।

चौथा नोट

साधारण नोट नहीं

प्रेम-पत्र है

एक पता लिखा है इस पर

सिगरेट का जला यह नोट

बयान है—फुँके हुए कलेजे का

मुझे शक है कि यह

अधूरा पता है।

पाँचवें नोट पर लाल धब्बे हैं

शायद ख़ून के, सिंदूर के!

यह यात्रा का नोट है

दानपेटी में रहकर

किसी भिखारी से होते हुए

कई बटुओं से बचते-बचाते

अस्पताल की सैर से लौटकर

मिल पड़ा मुझसे—लिफ़ाफ़े में

शायद कोई मर गया हो इसे कमाने में!

अतुल तिवारी
About the poet

अतुल तिवारी

नई पीढ़ी के रचनाकार। पत्रकारिता से भी संबद्ध। जन्म : 04/05/1995 | गोरखपुर, उत्तर प्रदेश

View profile & all 6 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like