लौटा रही हैं आँधियाँ
पुराने अख़बार
उन पर दर्ज
अर्थ खो चुकी सूचनाएँ
विज्ञापनों की बरसातियाँ
आधी बाँह के गंदले चिथड़े
आँधियाँ वे सारे अवशेष लौटा रही हैं
जिसे आदमी स्मृतियों की तरह ठिकाने लगा आया था
आँधियों की आहट पर
धूम-धड़ाम करते हुए
कूदने लगते हैं
सुस्त पड़े खपड़े
टिनसेट के टुकड़े
बकरी और बछड़े।
और जब सचमुच आ जाती हैं आँधियाँ
तब सजी-धजी सड़कों की तरह
वसंत की चाशनी में डूबा हुआ आदमी
अचानक धूल फाँकने लगता है।








