मैं जितना देह में था
उतना ही देह से बाहर रहा
मैं जुलूसों में कुचला गया
नारों में उछाला गया
मैं झंडों में फड़फड़ाया
और अंत में बीड़ी के धुआँ होकर
छाती में खाँसी-सा फँसा रहा।
मैं अपनी देह में था
तो सिर्फ़ भूख था
देह के बाहर मैं एक जटिल आँकड़ा
एक भद्दी गाली था
हिंदुओं में थोड़ा ज़्यादा हिंदू
मुसलमानों में थोड़ा ज़्यादा मुसलमान
और इंसानों में थोड़ा कम इंसान था।
मैं दया, करुणा, मदद, मुआवज़ा
इन सारे शब्दों को अर्थ देता हुआ
तालियों में पीटा गया
भाषणों भुनाया गया
सभाओं के बाद धूल-सा झड़ा
और अंत के किसी पुराने पुल की तरह
भरभराकर टूट गया।








