पहला आंदोलन—
शायद बीज ने किया होगा
मिट्टी के विरुद्ध
और फूट पड़ा होगा
पौधा बनकर।
या फिर शिशु ने—
कोख के भीतर किया होगा
जन्म लेने के लिए।
हर बार—
आंदोलनकारी को प्रेम मिला है,
मिट्टी से भी,
और माँ से भी।
क्योंकि—
माँएँ जानती हैं कि
आंदोलन के बग़ैर
सृजन संभव नहीं।








