कितनी उदास है यह सुबह
पेड़, पंछी, पवन और पावस के बावजूद भी
कितना ख़ालीपन है यहाँ।
गरजते मेघों, गिरती बूँदों
और खनकते पत्तों के बावजूद भी
यहाँ कितना सन्नाटा है।
रेशमी रश्मियों के साथ
उतर आया है गुनगुना उजाला
इस आर्द्र मौसम में—
यह कौन-सी बर्फ़ है जो पिघलती ही नहीं।
सुर, संगीत, शोर और सन्नाटे के बीच
तुम्हारे मौन रहने से
उदास हो चली है पृथ्वी।
कोई गीत गुनगुनाओ
हँसो, मुस्कुराओ
और इन अनचाही रिक्तियों को भर दो।
अभी बदलने को है यह मौसम
वसंत आने से पहले
पृथ्वी का उदास हो जाना ठीक नहीं है।








