बोकारो स्टील सिटी
नए भारत का सपना था
जिसे देखा गया था आज़ादी के बाद
विकास के मंदिर कहाने वाली
एक बड़ी स्टील फ़ैक्टरी।
बनी चमचमाती सड़कें
खड़े हुए क़तार से लगी इमारतें
जगमगाए ऊँचे-ऊँचे स्ट्रीट लाइट
बुलंद हुई क़ुतुबमीनार सरीखी चिमनियाँ
ख़ाली करके आदिवासियों की ज़मीन
उजाड़ कर जंगल।
जिन धरती पुत्रों को विस्थापित कर
बनी थी, बसी थी बोकारो स्टील सिटी
उन्हें कहाँ मिला प्रवेश
इस नए शहर में
और इनकी सिसकियाँ और टीस
आज दशकों बाद भी सुनी जा सकती है
झारखंड एक्सप्रेस में
जब नौकरी की तलाश में बोकारो स्टेशन से
चढ़ते हैं युवा और युवतियाँ।








