तिरंगे का रंग

अरुण चंद्र रायअरुण चंद्र राय

2 min read · 12.4K reads

मेरे गाँव के बच्चे

जो कभी-कभी ही जाते हैं स्कूल

आज घूम रहे हैं लेकर तिरंगा

लगा रहे हैं नारे

भारत माता की जय

भारत माता

उनकी अपनी माता-सी ही है

जो नहीं पिला पाती है

अपनी सूखी छाती का दूध

मुझे वे कोरबा के आदिवासियों से लगते हैं तब

जिनकी ज़मीन पर बनता है

विश्व का अत्याधुनिक विद्युत उत्पादन संयंत्र

करके उन्हें बेदख़ल

अपनी ही मिट्टी से, माँ से

मेरे गाँव के बच्चे का तिरंगा

बना है रद्दी अख़बार पर

जिस पर छपा है

देश के बड़े सुपरस्टार का विज्ञापन

जो अपील कर रहा है

कुपोषण को भागने के लिए

विटामिन, प्रोटीनयुक्त खाना खिलाने के लिए

सोचता हूँ कई बार कि

क्या सुपरस्टार को मालूम है

कैसे पकाई जाती है ख़ाली हाँडी

और भरा जाता है पेट

जीने के लिए, पोषण के लिए नहीं

और कुपोषितों तक नहीं है पहुँच

अख़बारों की

हाँ! मेरे गाँव के बच्चों का तिरंगा

बना है रद्दी अख़बार से

ऊपर केसरिया की जगह

लाल रंग है

जो उसने चुरा लिया है

माँ के आलता से

उसे मालूम नहीं कि

केसरिया और लाल रंग में

क्या है फ़र्क़

फिर भी रँग दिया है

अख़बार को आधे लाल रंग से

और स्याही से रंग दिया है

आधे अख़बार को

हरियाली की जगह

मेरे गाँव के बच्चे को

नहीं मालूम कि

हरियाली कम हो रही है देश में, गाँव में

और कॉर्पोरेटों का सबसे प्रिय रंग है नीला

नीला क्योंकि आसमान है नीला

नीला क्योंकि समंदर है नीला

कॉर्पोरेट को चाहिए

आसमान और समंदर-सा नीला विस्तार

किसी भी क़ीमत पर

ऐसा कहा जाता है

उनके कॉर्पोरेट आइडेनटिटी मैनुअल और विजन स्टेटमेंट में

और हाँ

बीच में श्वेत रंग की जगह

अख़बार के छोटे-छोटे अक्षर झाँक रहे हैं

अब बच्चे को क्या मालूम कि

अख़बार में छपे हुए के कई निहितार्थ होते हैं

और श्वेत शांति का नहीं रहा प्रतीक

मेरे गाँव के बच्चे

आज फहरा रहे हैं तिरंगा

जिसमें नहीं है

केसरिया, हरियाली या सफ़ेदी ही।

अरुण चंद्र राय
About the poet

अरुण चंद्र राय

सुपरिचित कवि। 'खिड़की से समय' और 'झारखंड एक्सप्रेस' शीर्षक से दो कविता-संग्रह प्रकाशित।

View profile & all 25 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like

उसने मिट्टी को छुआ भर था - प्रताप सोमवंशीपसोपेश में हूँकि कविता चिह्नों में होती है— प्रताप सोमवंशीदर्द औरों का हम - प्रताप सोमवंशीपसोपेश में हूँकि कविता चिह्नों में होती है— प्रताप सोमवंशीमुनव्वर राना के शेरअब जुदाई के सफ़र को मिरे आसान करोतुम मुझे ख़्वाब में आ कर न परेशान करो— मुनव्वर रानाये सर-बुलंद होते ही शाने से कट गयाये सर-बुलंद होते ही शाने से कट गयामैं मोहतरम हुआ तो ज़माने से कट गया— मुनव्वर रानाकुछ नहीं चाहने वाली लड़कीसोलह की यह लड़की दो-तीन साल पहले तकपेड़-पौधों पर रखती थी पाँव— ऐश्वर्य राजप्रतिज्ञाप्रतिज्ञाएँ बहा दो पानी में लड़कीप्रतिज्ञाएँ बहाओ पानी में;— बीरेंद्र चट्टोपाध्याय