नहीं आता है माँ को मोबाइल चलाना

अरुण चंद्र रायअरुण चंद्र राय

1 min read · 12.4K reads

माँ को जब नहीं आता है

मोबाइल पर संदेश भेजना

बड़ी खीझ होती होगी आपको

आप तब अपना सिर पीट लेते होंगे

जब उसे मोबाइल खोलकर

संदेश पढ़ना भी नहीं आता होगा

आपने जब दिया होगा

नया मोबाइल फ़ोन

एक और ज़रूरत समझकर

सिखाया होगा जतन से

फ़ोन करना

संदेश पढ़ना-भेजना

फ़ोटो खींचना

रेडियो बजाना

और आप निराश हो गए होंगे

जब उसके बिना किसी रुचि के

रख दिया होगा एक ओर

आप लौट आए होंगे

गाँव से उल्टे पाँव

उसी हताशा में

निराशा में

समझा दिया होगा

आस-पड़ोस को

माँ के बारे में सब कुछ

उसकी बीमारी

उसका डॉक्टर

दे दिया होगा

अपना नंबर भी

प्रतीक्षित आकस्मिक स्थिति के लिए

लौटते हुए आपने कई बार

‘सॉरी’ का संदेश भी भेजा होगा

लेकिन नहीं आया होगा जवाब

बहुत रोए होंगे आप

उसकी काँपती हाथों से लिखी

चिट्ठी को याद करके

लगता होगा कि बदल गई है

माँ भी

आश्चर्य होता होगा कि

जो लिख सकता है इस उम्र में

क़रीब सात फॉण्ट साइज के महीन अक्षरों में चिट्ठी

उसे कैसे नहीं आ सकता है

मोबाइल चलाना

आप सोच रहे होंगे

इनबॉक्स में पड़े होंगे

आपके संदेश

बिना माँ के बच्चों जैसे

और माँ के बारे में

सोचते-सोचते आप भूल गए होंगे

चलना उसी ने सिखाया था

पकड़कर नन्ही उँगलियाँ

पहली बार साइकिल के पीछे

वही थी भागी

दो और दो चार होते हैं

उँगलियों को दिखाकर

उसी ने सिखाया था

जो अब भी याद है आपको

शायद

जबसे आपने सीख लिया कि

दो और दो केवल चार नहीं होते

माँ भूल गई

सब जोड़-घटा और गुणा-भाग

और कर दी घोषणा

नहीं आता है माँ को मोबाइल चलाना।

अरुण चंद्र राय
About the poet

अरुण चंद्र राय

सुपरिचित कवि। 'खिड़की से समय' और 'झारखंड एक्सप्रेस' शीर्षक से दो कविता-संग्रह प्रकाशित।

View profile & all 25 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like

उसने मिट्टी को छुआ भर था - प्रताप सोमवंशीपसोपेश में हूँकि कविता चिह्नों में होती है— प्रताप सोमवंशीदर्द औरों का हम - प्रताप सोमवंशीपसोपेश में हूँकि कविता चिह्नों में होती है— प्रताप सोमवंशीमुनव्वर राना के शेरअब जुदाई के सफ़र को मिरे आसान करोतुम मुझे ख़्वाब में आ कर न परेशान करो— मुनव्वर रानाये सर-बुलंद होते ही शाने से कट गयाये सर-बुलंद होते ही शाने से कट गयामैं मोहतरम हुआ तो ज़माने से कट गया— मुनव्वर रानाकुछ नहीं चाहने वाली लड़कीसोलह की यह लड़की दो-तीन साल पहले तकपेड़-पौधों पर रखती थी पाँव— ऐश्वर्य राजप्रतिज्ञाप्रतिज्ञाएँ बहा दो पानी में लड़कीप्रतिज्ञाएँ बहाओ पानी में;— बीरेंद्र चट्टोपाध्याय