कारगिल- 3 (स्वगत) - अरुण आदित्य

अरुण आदित्यअरुण आदित्य

6 min read · 12.4K reads

खून जमा देने वाली इस बर्फानी घाटी में
किसके लिए लड़ रहा हूँ मैं
पत्र में पूछा है तुमने
यह जो बहुत आसान-सा लगने वाला सवाल
दुश्मन की गोलियों का जवाब देने से भी
ज़्यादा कठिन है इसका जवाब

अगर किसी और ने पूछा होता यही प्रश्न
तो, सिर्फ़ अपने देश के लिए लड़ रहा हूँ
गर्व से कहता सीना तान
पर तुम जो मेरे बारीक से बारीक झूठ को भी जाती हो ताड़
तुम्हारे सामने कैसे ले सकता हूँ इस अर्धसत्य की आड़
देश के लिए लड़ रहा हूँ यह हकीकत है लेकिन
कैसे कह दूँ कि उनके लिए नहीं लड़ रहा मैं
जो मेरी जीत-हार की विसात पर खेल रहे सियासत की शतरंज
और कह भी दूँ तो क्या फर्क पड़ेगा
जब कि जानता हूँ इनमें से कोई न कोई
उठा ही लेगा मेरी जीत-हार या शहादत का लाभ

मेरा जवाब तो छोड़ो
तुम्हारे सवाल से ही मच सकता है बवाल
सरकार सुन ले तो कहे-
सेना का मनोबल गिराने वाला है यह प्रश्न
विपक्ष के हाथ पड़ जाए
तो वह इसे बटकर बनाए मजबूत रस्सी
और बांध दे सरकार के हाथ-पाँव
इसी रस्सी से तुम्हारे लिए
फाँसी का फंदा भी बना सकता है कोई

इसलिए तुम्हारे इस सवाल को
दिल की सात तहों के नीचे छिपाता हूँ
और इसका जवाब देने से कतराता हूँ।
अरुण आदित्य
About the poet

अरुण आदित्य

View profile & all 31 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like