ठोकर - अरुण आदित्य

अरुण आदित्यअरुण आदित्य

3 min read · 12.4K reads

हम अपनी रौ में जा रहे होते हैं
अचानक किसी पत्थर की ठोकर लगती है
और एक टीस-सी उठती है
जो पैर के अंगूठे से शुरू होकर झनझना देती है दिमाग तक को

एक झनझनाहट पत्थर में भी उठती है
और हमारे पैर की चोट खाया हुआ हत-मान वह
शर्म से लुढ़क जाता है एक ओर

एक पल रुककर हम देखते हैं ठोकर खाया हुआ अपना अंगूठा
पत्थर को कोसते हुए सहलाते हैं अपना पाँव
और पत्थर के आहत स्वाभिमान को सहलाती है पृथ्वी
झाड़ती है भय संकोच की धूल
और ला खड़ा करती है उसे किसी और के गुरूर की राह में।
अरुण आदित्य
About the poet

अरुण आदित्य

View profile & all 31 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like