सर्द रात, सिनेमा हॉल और सिगरेट

अरमान आनंदअरमान आनंद

1 min read · 12.4K reads

वह ओस से भीगी हुई रात थी

घने कुहरे ने चाँद-सितारों को छुपाकर

जब हमें बेशर्म हो जाने का भरपूर मौक़ा दिया

आसमान सड़क के किनारे लगे

पेड़ के पत्तों से टप-टप टपक रहा था

ख़ाली बेलौस सड़क पर तुम्हारी साँसें

मेरी बुलेट की आवाज़ की रजाई में दुबकी हुई गर्म हो रही थीं

तुम मेरे जैकेट में हाथ डाले मेरी पीठ से चिपकी हुई

अलसाई हुई गुनगुना रही थी

अजीब दास्ताँ है ये कहाँ शुरू कहाँ ख़त्म ये मंज़िलें हैं कौन-सी

न तुम समझ सके न हम...

ये प्यार की गर्माहट भरी रात थी

हम अभी-अभी हिंदुस्तान के एक मशहूर सितारे की

फ़्लॉप फ़िल्म का लुत्फ़ उठाकर बाहर निकले थे

मैंने उस रात तुम्हें सिगरेट की तरह सुलगा दिया

पूरे कमरा इश्क़ से धुआँ-धुआँ था

अगली सुबह तेरे हॉस्टल जाने के बाद

मैं कमरे में सिगरेट के आख़िरी टुकड़े की तरह इधर-उधर होता रहा।

अरमान आनंद
About the poet

अरमान आनंद

नई पीढ़ी के सुपरिचित कवि-लेखक।

View profile & all 32 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like