प्रेम में पड़ी हुई लड़की

अरमान आनंदअरमान आनंद

1 min read · 12.4K reads

प्रेम में पड़ी हुई लड़की

रजाई में मुँह ढाँपे हँसती है

मन में कुछ सोचती हुई गुदगुदा जाती है

भरी महफ़िल में उदास होती है

सोते में अचानक उठ बैठती है

पैर के अँगूठे से फ़र्श पर प्रेमी का नाम लिखती है

मेहँदी में चुराकर रखती है

अपने प्रेमी का वजूद

खिड़कियों से दोस्ती करती है

छत को बाग़ बनाती है

अपनी देह को ख़ुद निहारते हुए शरमा जाती है

हथेलियों में छुपती है

भोर में कुनमुनाती हुई

अपने अंगों को छेड़ती है सितार की तरह

और गुनगुनाती है आशिक़ का नाम

अकारण ही भर लेती है सहेली को बाँहों में

बेमतलब चूम लेती है

बच्चों के होंठ

पन्ने बर्बाद करती है

मोबाइल को बार-बार देखती है

प्रेम में पड़ी हुई लड़की

सिर्फ़ प्रेम करती है

प्रेम के अलावा वह कुछ नहीं करती

अरमान आनंद
About the poet

अरमान आनंद

नई पीढ़ी के सुपरिचित कवि-लेखक।

View profile & all 32 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like