भीड़

अरमान आनंदअरमान आनंद

1 min read · 12.4K reads

जहाँ तक मेरी जानकारी है

भीड़ ने सबसे पहले

ईश्वर के बेटे को मारा था

जिसके जन्म से अँग्रेज़ी सभ्यता की शुरुआत हुई थी

भीड़ हमेशा नामज़द के साथ अन्य है

भीड़ और पागल पर सज़ा मुकर्रर नहीं होती

भीड़ जितना डरी हुई होती है

उतनी ही हिंसक होती है

भीड़ नोताओं, तानाशाहों, आतंकियों का पहला निशाना है

भीड़ सफलता की निशानी है

भीड़ बाज़ार है

भीड़ लोकतंत्र का डुप्लीकेट है

दुनिया के पास तीन तरह के लोग हैं

पहला जो भीड़ ला सकता है

दूसरा जो भीड़ बनता है

तीसरा जो भीड़ का शिकार होता है

भीड़ के अध्ययन से पता चलता है

मनुष्य स्वभाव से अराजक और पशु है

और मनुष्यता की लड़ाई

एक दिनचर्या है

इतना सब लिखने और कहने पर

हो सकता है

भीड़ आए

या तो मुझे मार डाले

या मुझे ख़ुदा घोषित करे

अरमान आनंद
About the poet

अरमान आनंद

नई पीढ़ी के सुपरिचित कवि-लेखक।

View profile & all 32 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like