अनुपस्थिति की पीड़ा उपस्थित ही समझेगा
क्या अभी वहाँ मेरे होने का कुछ बाक़ी है
क्या तुम्हें महसूस होती है मेरी उपस्थिति?
जब मैं वहाँ नहीं हूँ
अनुपस्थिति की पीड़ा उपस्थित ही समझे शायद
जबकि शायद ही वहाँ कुछ निशान बचा हो
शायद कुछ छिंटाया हो वहाँ मेरा
दर्द कसकता है किसी कोने में देह के
तुम्हारे अदृश्य कँधों पर सिर रखकर
अक्सर आँखो से धार गिरने तलक रो लेती हूँ
कभी साक्षात् मिल गए तो
पहचान भी न सकूँगी तुम्हें
लेकिन तुम्हारी उपस्थिति की उजास
अँधेरे कोने में जलते दिए कि मानिंद रहती है मेरे साथ
कभी-कभी तुम्हारी अनुपस्थिति
उपस्थिति लगती है मुझे।








