राजकमल चौधरी की याद में
मैं अक्सर सोचता हूँ आम के बाग़ों के बारे में
और उन पेड़ों के बीच एक तस्वीर,
सिगरेट का धुआँ मेरी शर्मिंदगी,
मेरा दुःख, मेरी नाकामी सब छुपा लेता है।
मैं ईश्वर होता तो मैंने सृष्टि को क़ायदों से मुक्त कर दिया होता है
मैं मनुष्य होता तो मैंने प्रेम कर लिया होता।
पर आदमी की खाल में फिर रहा, मैं भूख हूँ,
निर्मित होता जितना, उस निर्माण से अपनी ही हत्या करता हुआ।
पास आते आते सब बिंब थक जाते हैं
एक सीमा-रेखा है, जिसके एक ओर मेरे लिए विष रखा हुआ है,
दूसरी ओर अबाध अमृत, रोज़ अभिनय से जिसकी इच्छा ढाँप देता हूँ।
शरद का प्रणयी,
शुष्कता के कपड़े पहने
भटक रहा है।
भटक रहा है।








