खिड़की से चिपका है दिन - आनंद कुमार ‘गौरव

Ananda Kumara Gauravaआनंद कुमार ‘गौरव12 Dec 1958

3 min read · 12.4K reads

खिड़की से चिपका है दिन
घर सन्नाटा बहता है
आँगन गुमसुम रहता है
 
वेदना दहाड़-सी हुई
विवशता पहाड़-सी हुई
बात जोड़ने की अब तो
सर्वथा बिगाड़-सी हुई
आसपास का विकसित भ्रम
निष्ठुरताएँ कहता है
 
कोंपल शाखों की अनबन
टेसू के लुप्त हुए वन
शब्द के परखने में ही
उलझ गए गीतों के मन
प्रश्न सदा प्रश्न ही रहा
पीड़ा के प्रण सहता है
 
श्वाँस-श्वाँस रीते सपने
मुझसे सब जीते अपने
आहट भी मौन हो गई
साँकल के बीते बजने
हूँ परम्परा बिछोह की
चटका दर्पण कहता है
Ananda Kumara Gaurava
About the poet

Ananda Kumara Gaurava आनंद कुमार ‘गौरव

जन्म १२ दिसंबर १९५८ को ग्राम-भगवानपुर रैहनी, जनपद-बिजनौर (उ.प्र.) में। प्रकाशित कृतियाँ आँसुओं के उस पार’ (उपन्यास), ‘थका-हारा सुख’ (उपन्यास), ‘मेरा हिन्दुस्तान कहाँ है?’ (गीत-संग्रह), ‘शून्य के मुखौटे’ (मुक्तछंद-संग्रह) आपकी प्रकाशित कृतियाँ हैं। 'सुबह होने…

View profile & all 10 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like