घर शहर की बत्तियाँ गुल हैं - आनंद कुमार ‘गौरव

Ananda Kumara Gauravaआनंद कुमार ‘गौरव12 Dec 1958

3 min read · 12.4K reads

घर शहर की बत्तियाँ गुल हैं
ख़्वाब छत पर हैं टहलते
खोजते संभावनाएँ
 
मात्र हम परछाइयों को
ओढ़कर इतरा रहे हैं
हो ऋचाओं से विमुख
निज लक्ष्य ही बिसरा रहे हैं
दृष्टि में उगने लगी हैं
दंश सी संकीर्णताएँ
 
रोज़ मदिरा सोच में गुम
पीढ़ियाँ हैं जागरण पर
चंद नंगे तन सजाते
सभ्यताएँ आचरण पर
वासना की दलदलों धँसतीं
सृजक नवकल्पनाएँ
 
चुप्पियों को तौलती हैं
अनगिनत चाहें गगन पर
लोग सोए हैं लपेटे
नाग यादों के बदन पर
हैं थके सहमे हुए सपने
सजग हैं वर्जनाएँ
Ananda Kumara Gaurava
About the poet

Ananda Kumara Gaurava आनंद कुमार ‘गौरव

जन्म १२ दिसंबर १९५८ को ग्राम-भगवानपुर रैहनी, जनपद-बिजनौर (उ.प्र.) में। प्रकाशित कृतियाँ आँसुओं के उस पार’ (उपन्यास), ‘थका-हारा सुख’ (उपन्यास), ‘मेरा हिन्दुस्तान कहाँ है?’ (गीत-संग्रह), ‘शून्य के मुखौटे’ (मुक्तछंद-संग्रह) आपकी प्रकाशित कृतियाँ हैं। 'सुबह होने…

View profile & all 10 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like