तुम्हारी देह का पानी

आनंद गुप्ताआनंद गुप्ता19 Jul 1976

1 min read · 12.4K reads

पानी रोज़ चुपके से दर्ज करता जाता है

तुम्हारी देह की अनगिन कहानियाँ

गिलास में पानी पीते हुए

यह अहसास हमेशा बना रहता है

कि मुझसे ज़्यादा

तुम्हें यह पानी जानता है

और मैं तुम्हें पानी के माध्यम से!

दरअस्ल,

जब पी रहा होता हूँ पानी

मैं तुम्हें चूम रहा होता हूँ

तुम घुल रही होती हो मेरी देह में

जैसे पानी में

घुलता है तुम्हारी देह का नमक!

ओ संसार की सभी नदियो!

झीलो, तालाबो, झरनो

सागर और महासागरो!

आचमन करना चाहता हूँ तुम्हारा

जानना चाहता हूँ

तुम्हारे माध्यम से एक स्त्री को।

आनंद गुप्ता
About the poet

आनंद गुप्ता

नई पीढ़ी के कवि। मूल नाम : आनंद गुप्ता जन्म : 19/07/1976 | कोलकाता, पश्चिम बंगाल

View profile & all 19 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like