छूटना

आनंद गुप्ताआनंद गुप्ता19 Jul 1976

1 min read · 12.4K reads

तुम्हारी नज़रों में छूट गया हूँ

जैसे कास के लहलहाते फूलों में

छूट जाता है बारिश का वैभव

जैसे तुम्हारे बनाए हलवे की मिठास

जीभ पर छूट जाती है

हमेशा-हमेशा के लिए

जैसे पके हुए आम में

धूप छूट जाती है

जैसे ज़मीन पर बिखरे मोगरे में

छूट जाती है रात की सुगंध

जैस लहरें छोड़ जाती हैं

किनारों पर अपनी हलचल

जैसे हर चुंबन

तितलियों में थोड़ा फूल छोड़ जाता है

मैं तुममें

थोड़ा-थोड़ा छूट जाता हूँ अक्सर।

आनंद गुप्ता
About the poet

आनंद गुप्ता

नई पीढ़ी के कवि। मूल नाम : आनंद गुप्ता जन्म : 19/07/1976 | कोलकाता, पश्चिम बंगाल

View profile & all 19 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like